बंशीधर नगर :- गढ़वा रोड-चोपन रेल खंड पर शुक्रवार को पाल्हे खुर्द गांव के निकट जतपुरा गांव निवासी 37 वर्षीय लक्ष्मी नारायण शुक्ल पिता जनक कुमार शुक्ल की दर्दनाक मौत रांची-चोपन एक्सप्रेस की चपेट में आने से हो गई। जानकारी के अनुसार लक्ष्मी नारायण रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी रांची-चोपन एक्सप्रेस की चपेट में आ गए और घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। स्वजनों के चीत्कार से पूरा गांव गमगीन है। पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में कर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दी। मृतक के दो बच्चे एक लड़का व एक लड़की है। घर वालों का रोते-रोते बुरा हाल है। मौत की सूचना मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। शव देखने के लिए जतपुरा, पाल्हे कला, पाल्हे खुर्द, उसका कला, भोजपुर, जंगीपुर सहित अगल-बगल गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुषों की भीड़ उमड़ पड़ी। घटना स्थल का दृश्य देख मौके पर उपस्थित सभी लोगों की आंखें नम थी। जानकारी के अनुसार लक्ष्मी नारायण शुक्ल आइटीबीपी में हवलदार के पद पर पदस्थापित थे। फिलहाल अवकाश पर घर आए थे।

